रवेली: छत्तीसगढ़ के ग्राम रवेली में भाई दूज मातर महोत्सव के अवसर पर कर्मचारी संगठन रवेली द्वारा वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, विभिन्न विभागों में चयनित नव नियुक्त कर्मचारियों और पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। खास बात यह है कि संगठन द्वारा पिछले 32 वर्षों से लगातार इस सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल से प्रेरित होकर गांव के कई प्रतिभावान बच्चे शिक्षा, प्रशासन, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में देश-विदेश में गांव का नाम रोशन कर रहे हैं। 100 में से 100 अंक लाने वाली नूतन साहू का हुआ सम्मान कार्यक्रम में कक्षा 12वीं की गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त करने वाली नूतन साहू, पिता रोहित साहू को सम्मानित किया गया। वहीं, हीना साहू को एम्स नागपुर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित होने पर सम्मान मिला। इसी क्रम में अभिषेक वर्मा को भारतीय रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर चयनित होने, पवन कुमार वर्मा, अंकित वर्मा एवं दीपांकन वर्मा को विभिन्न पदों पर चयनित होने और शेष नारायण सेन को स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा तुषार साहू, आस्था वर्मा, शशांक वर्मा एवं सौम्य वर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल करने पर सम्मान प्रदान किया गया। राजभवन एवं उद्यानिकी विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत कर्मचारियों का भी सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। 32 वर्षों से जारी है सम्मान समारोह की परंपरा गौरतलब है कि ग्राम रवेली के कर्मचारियों ने 32 वर्ष पूर्व संगठन का गठन कर गांव की भावी पीढ़ी को शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिभावान बच्चों के सम्मान की परंपरा शुरू की थी। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करना और उनमें आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करना है। कार्यक्रम की शुरुआत पिछले एक वर्ष के दौरान गांव में दिवंगत हुए लोगों को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित कर और उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन धारण करके की गई। प्रतिभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं: कमल वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि पिछले 32 वर्षों में रवेली गांव के बच्चों ने शिक्षा, प्रशासन, तकनीक और विदेशों में अपनी उपलब्धियों से गांव का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि संगठन के शासन के अधीन पंजीकृत होने से नई पीढ़ी को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने के अवसर बढ़ेंगे। भविष्य में संगठन शासन के सहयोग से बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगारमूलक कार्यशालाओं का आयोजन भी करेगा। कमल वर्मा ने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं होती। हमें किसी भी समाज के प्रतिभावान बच्चों से निःसंकोच प्रेरणा लेनी चाहिए। बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अहंकार का त्याग कर दूसरों के विकास में सहयोगी बनने की अपील भी की। ये अतिथि रहे मौजूद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रविशंकर वर्मा थे। वहीं, अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में चेलाराम नायक, छन्नूलाल वर्मा एवं अंगीरा वर्मा उपस्थित रहे। संगठन के सचिव राजकुमार वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों और संगठन के सदस्यों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मपाल वर्मा एवं राजेश वर्मा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां सम्मान समारोह के बाद ग्राम लिटिया-सेमरिया के सांस्कृतिक मंच द्वारा ‘संत समाज नाच पार्टी’ का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसमें बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने आनंद लिया। इस अवसर पर कौशल वर्मा, प्रमोद वर्मा, डीलेश वर्मा (कोषाध्यक्ष), जन्मेजय वर्मा, जयंत वर्मा, संतोष वर्मा, विजय वर्मा, हेमशंकर वर्मा, देवेंद्र नायक, धनंजय वर्मा, अशोक चंद्राकर, रामप्यारे वर्मा, टोमन साहू एवं भुनेश्वरी साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शेयर करें Post navigation Jagdalpur Latest News: भारतीय किसान संघ ने खोला मोर्चा, कलेक्टर के साथ लंबी चर्चा के बाद फिलहाल खत्म किया आंदोलन Balod Latest News: लोहे के पाइप से सिर पर किए थे कई वार, हत्या के दोषी को आजीवन कारावास