Chhattisgarh Latest News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए सोमवार को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यशाला में महिला सुरक्षा, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा और महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित विशेषज्ञ और संबंधित पक्ष मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं को कोई भी समाज स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही नारियों की पूजा की जाती रही है, लेकिन आज भी समाज को इन गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को स्वीकार करते हुए इनके समाधान के लिए मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।

पैसे और नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को फंसाया जाता है

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में कई बार करीबी लोग ही शामिल होते हैं। पैसे और नौकरी का लालच देकर महिलाओं को घरों से बाहर ले जाया जाता है और वे तस्करी के जाल में फंस जाती हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे कई मामले सामने आए हैं। दिल्ली में भी इस तरह के जाल में फंसी कई महिलाओं को छुड़ाया गया है।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कर रही प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा व मानव तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक और सशक्त बनाना है।

सखी वन स्टॉप सेंटर और हेल्पलाइन से मिल रही सहायता

सीएम साय ने सखी वन स्टॉप सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां महिलाओं को 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा 181 महिला हेल्पलाइन नंबर भी संचालित है। छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से भी महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

CM बोले- रोकथाम के लिए जनआंदोलन जरूरी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घरेलू हिंसा और मानव तस्करी को रोकने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों को समाप्त करने के लिए इसे जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है। सरकार के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही इन गंभीर समस्याओं पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने के प्रयास किए जा सकते हैं।

शेयर करें

By admin