Chhattisgarh Bastar News: जगदलपुर। किसानों को मुआवजा देने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने जगदलपुर में प्रदर्शन किया। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने आयोजित इस प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन और किसान संघ के पदाधिकारियों के बीच करीब पांच घंटे तक बैठक चली। अधिकारियों की ओर से मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद किसान संघ ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

दरअसल, भारतीय किसान संघ की स्थानीय इकाई ने किसानों को मुआवजा दिलाने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। आंदोलन की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान रैली की अनुमति को लेकर कुछ देर गहमागहमी भी हुई। हालांकि, अधिकारियों की समझाइश के बाद किसान संघ के प्रतिनिधि कलेक्टर कार्यालय स्थित आस्था हॉल पहुंचे।

यहां कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और किसान संघ के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई। करीब पांच घंटे तक चली इस चर्चा में किसानों की मांगों और मुआवजे से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बात हुई। अधिकारियों ने संघ के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं और मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।

प्रशासन के आश्वासन के बाद भारतीय किसान संघ ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि, मांगों पर आगे होने वाली कार्रवाई को लेकर संघ की नजर प्रशासन के अगले कदम पर रहेगी।

शेयर करें

By admin