Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। सक्ती जिले के लिए 11 सितंबर का दिन विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के लिहाज से खास रहने वाला है। कॉलेज ग्राउंड, जेठा में भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में अन्य मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 121.70 करोड़ से अधिक के 38 विकास कार्यों की सौगात कार्यक्रम के दौरान सक्ती जिले को कुल 121.70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। इनमें 4,245.65 लाख रुपये की लागत के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 7,925.02 लाख रुपये की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन कार्यों के पूरा होने से जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, प्रशासनिक भवन, पेयजल, ग्रामीण विकास और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इन विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन भूमिपूजन वाले कार्यों में पंचायत विभाग के तहत अचानकपुर और ग्राम पंचायत सिंघरा में 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण शामिल है। वहीं जेठा में 20.01 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बसंतपुर, साराडीह, पेण्डरुवा, कटेकोनी बड़े, ठनगन, फरसवानी, तुषार और करौंवाडीह में 28.51-28.51 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा। पुलिस विभाग के तहत नवीन पुलिस लाइन नन्दौरखुर्द, सक्ती में 204 लाख रुपये की लागत से शस्त्रागार/बारुदघर भवन का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा स्कूल होते हुए लिमगांव, अड़भार, दारीमुड़ा, तौलीपाली से झर्रा होते हुए सपिया नहरपार 0 प्वाइंट तक 22 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 2,582.11 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। इसी तरह छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली से सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य पर 1,529.67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक 8 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 840.22 लाख रुपये और नगझर से नवापारा मार्ग निर्माण के लिए 808.56 लाख रुपये की लागत निर्धारित है। इसके अलावा शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती भवन निर्माण के लिए 465.84 लाख रुपये, गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग तक 2.90 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 442.20 लाख रुपये और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन निर्माण के लिए 411.25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा में अहाता एवं अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए 184.35 लाख रुपये, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सक्ती भवन निर्माण के लिए 53.73 लाख रुपये, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के संभागीय कार्यालय के लिए 70 लाख रुपये तथा ग्राम चुरतेली में उद्यानिकी उत्पादों के भंडारण के लिए गोदाम निर्माण पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण लोकार्पण वाले कार्यों में क्रेडा के तहत जल जीवन मिशन फेस-02 के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप के तीन कार्य शामिल हैं। इनकी लागत क्रमश: 47.10 लाख, 382.20 लाख और 235.88 लाख रुपये है। हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत चंद्रपुर और हसौद में 71.12-71.12 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन तहसील कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया जाएगा। पंचायत विभाग के तहत गोपालपुर में 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रशिक्षण भवन का भी लोकार्पण होगा। पुलिस विभाग के अंतर्गत नवीन पुलिस थाना डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर भवनों के लिए 60.95-60.95 लाख रुपये तथा थाना मालखरौदा के अंतर्गत नवीन पुलिस चौकी अड़भार भवन के लिए 41.18 लाख रुपये की लागत से किए गए कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली, ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण के लिए 1,134.78 लाख रुपये, बुंदेली से अड़भार मार्ग निर्माण के लिए 498.81 लाख रुपये तथा मालखरौदा में कलमी, नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक 9 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1,435.38 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का लोकार्पण होगा। इसके अलावा विकासखंड मालखरौदा के सुलौनी में 75.23 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत गोबरा में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन का भी लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां पूरी कॉलेज ग्राउंड, जेठा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल के पास दो हेलीपेड तैयार किए गए हैं। विभिन्न विभागों और योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे। अतिथियों के स्वागत और कार्यक्रम स्थल तक आवागमन के लिए पाथवे एवं कारकेट निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी स्टेज और मुख्य वीवीआईपी स्टेज का निर्माण किया गया है। मुख्य मंच के समीप अतिथियों एवं गणमान्यजनों के लिए ग्रीन रूम और पैंट्री की व्यवस्था की गई है। विभिन्न श्रेणियों के आमंत्रितों के लिए सेक्टर-1 से सेक्टर-18 तक अलग-अलग बैठक क्षेत्र बनाए गए हैं। इनमें जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर रंगमंच की भी व्यवस्था रहेगी। NH-49 के पास पार्किंग और यातायात की विशेष व्यवस्था कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-49 से जुड़ा होने के कारण यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। जेठा टोल प्लाजा के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अतिथियों और विशिष्टजनों के वाहनों के लिए कॉलेज भवन की ओर कलेक्टोरेट वीआईपी गेट से प्रवेश की व्यवस्था करते हुए अलग वीआईपी पार्किंग निर्धारित की गई है। अतिथियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए कारकेट रूट और आपातकालीन सेवाओं के लिए इमरजेंसी रूट भी तय किया गया है। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित मार्ग बनाए गए हैं। इसके अलावा डिफेंस एवं होल्डिंग गेट तथा पब्लिक होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन किया जा सके। कार्यक्रम स्थल के आसपास स्थित कॉलेज भवन और कलेक्ट्रेट सेफ हाउस को ध्यान में रखते हुए आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं सहित जरूरी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। संबंधित टीमें व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और आपसी समन्वय कर रही हैं। जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। शेयर करें Post navigation Balrampur News: यात्रियों को मनमाने किराए से मिलेगी राहत, बस संचालकों को शासन की दर से किराया लेने के निर्देश