Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले की पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में मितानिन सम्मान समारोह, दीपावली मिलन और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। धमतरी विधायक ओंकार साहू की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान जिलेभर से पहुंचीं करीब 700 मितानिनों का सम्मान किया गया। वहीं, किसान नेता, सरपंच समेत करीब 32 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। भूपेश बघेल ने नए सदस्यों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। भूपेश बघेल ने मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल के साथ लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि मितानिन दिवस पर विधायक ओंकार साहू हर साल सम्मान समारोह आयोजित करते हैं। बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मितानिनों को हर महीने 2,200 रुपये मानदेय दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार ने मितानिनों के साथ छल किया है। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि सम्मान समारोह, दीपावली मिलन और कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए सभी के साथ खुशियां साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि भूपेश बघेल ने मितानिनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ उनकी मांगें भी सुनीं। साहू ने कहा कि मितानिनों की मांगों को लेकर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते मितानिनों के सम्मान और हितों को प्राथमिकता दी जाती थी और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन किया गया। भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा से लोगों का मोहभंग हो रहा है और अलग-अलग क्षेत्रों के लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नरहरपुर में करीब 150 कार्यकर्ताओं के भाजपा छोड़ने का जिक्र करते हुए धमतरी में कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले नए लोगों को बधाई दी। कार्यक्रम में संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चंद्राकर सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में जिलेभर से आईं मितानिनों ने भी भाग लिया। शेयर करें Post navigation Raigarh Latest News: धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन की छापेमारी, कसडोल और लिप्ती से 146 क्विंटल से अधिक धान जब्त Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ में बनेगा बैडमिंटन स्टेडियम, अरुण साव बोले- खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सरकार प्रतिबद्ध