Chhattisgarh Latest News: बकावंड। विकासखंड बकावंड के ग्राम तारापुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल सरगीपाल की ओर से मंडल कार्यसमिति एवं सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण और अंत्योदय के लिए समर्पित बताया।

केंद्र की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

धनुर्जय कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा है। घर-घर शौचालय, हर घर नल, पक्के मकान और निःशुल्क इलाज जैसी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को आमजन तक पहुंचानी चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के तहत अगले एक महीने तक गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

बस्तर विधानसभा में भाजपा की वापसी का संकल्प

बस्तर विधानसभा को लेकर धनुर्जय कश्यप ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से यहां भाजपा का विधायक नहीं है, जो पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव की तैयारी अभी से बूथ स्तर पर शुरू करनी होगी। शक्ति केंद्र से लेकर बूथ अध्यक्ष, सचिव और BLA-2 तक सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा, “इस बार बस्तर में कमल खिलाकर रहेंगे।” उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर आगामी चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

मतदाता सूची के परीक्षण पर जोर

कार्यक्रम में सभी शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों और सह-संयोजकों को अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदाता सूची में आवश्यक सुधार कराने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सक्रियता से काम करने का आह्वान किया गया।

कार्यशाला में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष, सचिव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शेयर करें

By admin