Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 137 करोड़ रुपये के नए कार्यों की घोषणा की। इनमें वृहद पेयजल योजना प्रमुख है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि योजना पूरी होने के बाद रिसाली की वर्तमान और भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और लोगों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसाली के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र में जरूरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। वृहद पेयजल योजना से क्षेत्र की बढ़ती आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। दुर्ग जिले के रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम में दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले तीनों नगर निगम क्षेत्रों में विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन और नई घोषणाओं के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को रिसाली में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भिलाई और शाम को भिलाई-चरोदा क्षेत्र में भी विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। शेयर करें Post navigation Korba Latest News: धान की फसल बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर मंडराया खतरा, दंतैल के हमले से मची अफरा-तफरी