Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। बलरामपुर जिले के भेलवाडीह स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज छात्र-छात्राएं सोमवार को विद्यालय से करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकल पड़े। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और चनान नदी पुलिया के पास विद्यार्थियों को रोककर समझाइश दी। काफी देर की बातचीत के बाद छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल को कलेक्टर से मिलने भेजा गया, जबकि अन्य विद्यार्थियों को बस और एंबुलेंस के जरिए वापस विद्यालय पहुंचाया गया। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को बताया कि विद्यालय में कई विषयों के शिक्षक नहीं हैं, दोपहर का भोजन समय पर नहीं मिलता और कई बार खाने में कीड़े तक मिल चुके हैं। उन्होंने नहाने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने, पानी की टंकियों की नियमित सफाई नहीं होने, खेल मैदान और खेल सामग्री की कमी जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया। छात्र-छात्राओं ने कुछ शिक्षकों पर दुर्व्यवहार करने, शिकायत करने पर डांटने और टीसी देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। साथ ही आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों पर विद्यालय का नियमित निरीक्षण नहीं करने की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच दल गठित कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शेयर करें Post navigation Durg News: उतई में 12 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा हरेली तिहार, सर्वछत्तीसगढ़ीया समाज की बैठक में बनी रूपरेखा Ambikapur News: महामाया पहाड़ पर मिली लाश की हुई पहचान, 11 जुलाई से लापता मोबाइल दुकान संचालक निकला मृतक