Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। अंबिकापुर के महामाया पहाड़ पर मिले सड़े-गले शव की पहचान 11 जुलाई से लापता मोबाइल रिपेयरिंग दुकान संचालक शुभम कश्यप (33) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में शव के पास साड़ी और चप्पल मिलने के कारण उसे महिला का मान लिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने उसे लावारिस मानकर दफना दिया। बाद में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर शव की पहचान की। परिजनों का आरोप है कि शुभम की गुमशुदगी की रिपोर्ट 11 जुलाई को ही कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने न तो गंभीरता से तलाश की और न ही अज्ञात शव मिलने की सूचना परिवार को दी। पहचान होने पर परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए थाने में जमकर नाराजगी जताई। मामले में कांग्रेस नेताओं ने भी थाने पहुंचकर पुलिस के रवैये पर आपत्ति दर्ज कराई। परिजनों के अनुसार शुभम नशे का आदी था और घर छोड़ने से पहले उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को समय रहते जानकारी देने के बावजूद पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, थाने में पहचान के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया। नगर निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि पहचान होने के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की अनुमति लेकर शव को कब्र से निकलवाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है। शेयर करें Post navigation Balrampur News: 4 किमी पैदल चलकर कलेक्टर पहुंचे एकलव्य विद्यालय के छात्र, भोजन में कीड़े और अव्यवस्थाओं पर फूटा गुस्सा Durg News: दुर्ग में कांग्रेस का ‘स्मार्ट मीटर हटाओ’ अभियान शुरू, घर-घर जाकर भरवाए जाएंगे आवेदन