Chhattigarh Durg News: दुर्ग। स्वर्गीय खुमान साव की स्मृति में आयोजित “सुरता खुमान साब” एवं सम्मान समारोह ग्राम किकिरमेटा (बेल्हारी) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल ने स्वर्गीय खुमान साव एवं स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया के तेलचित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर कलाकारों एवं ग्रामीणों ने सांसद विजय बघेल का गजमाला, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों, लोकगायकों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया।

खुमान साव संगीत सम्मान से वरिष्ठ लोकगायक संतोष साहू एवं योगेश निर्मलकर (चंदैनी गोंदा) को सम्मानित किया गया। वहीं खुमान संगीत स्मृति सम्मान हेमंत केशरवानी, ढालसिंग चक्रधारी, पवन चक्रधारी, जगदीश चक्रधारी, तुकेश यादव, मोहित चंद्राकर, रामकुमार पाटिल, राकेश ठाकुर, भूपत साहू तथा सरपंच देवकी निषाद को प्रदान किया गया।

खुमान संगीत साधक सम्मान से दुष्यंत हरमुख, दिनेश साव एवं वरिष्ठ लोक गायिका पुष्पा साहू को सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्व. लता खापर्डे स्मृति सम्मान रिंकी देवांगन एवं लीना मानिकपुरी को तथा स्व. सफीन दास मानिकपुरी स्मृति सम्मान वरिष्ठ लोकगायक द्वारिका प्रसाद कौशल को प्रदान किया गया। सामाजिक समरसता सम्मान से पूर्व सरपंच लेखनी वर्मा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में देवकी बाई निषाद, लालेश्वर साहू, खिलावन साहू, सुंदर साहू, पंच राम साहू, संतोष सिंह, रफीक खान, अमित अग्रवाल, नेतराम निषाद, रूप सिंह, महेश चक्रधारी, जागेश साहू, खेमलाल देशलहरे, शंकर हिरवानी, मनीष चंद्राकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि कलाकार समाज की सांस्कृतिक चेतना के संवाहक होते हैं। वे अपनी कला और संगीत के माध्यम से समाज में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने स्वर्गीय खुमान साव एवं स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि कलाकार कभी नहीं मरते, उनके गीत और उनकी कला सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहती है। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मण मस्तुरिया का प्रसिद्ध गीत “मोर संग चलव रे” गाकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू ने कहा कि स्वर्गीय खुमान साव ने छत्तीसगढ़ी लोककला को देश-विदेश तक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में लोक कलामंच नवा किसान रामनगर भिलाई एवं पुष्पा साहू की टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संयोजन सुरेन्द्र साहू (शंकर) ने किया। आयोजन स्व. खुमान साव संगीत सेवा समिति भिलाई एवं ग्राम किकिरमेटा के सहयोग से संपन्न हुआ।

शेयर करें

By admin