Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शनिवार 20 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर बीजापुर जिले में “पीएम किसान उत्सव दिवस” का आयोजन किया गया। कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जैविक कृषि कार्यशाला सह कृषक सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान जिले के 16,693 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 3 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक की सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की गई।

कृषि विज्ञान केंद्र, बीजापुर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 400 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि की राशि जारी करने के कार्यक्रम का जीवंत प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान बीआरसी समूह, एफपीओ, कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी विभाग तथा पशुपालन विभाग द्वारा कृषि आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज समिति के अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने किसानों को सुगंधित धान बीज, ढैंचा बीज, स्प्रिंकलर पाइप सेट सहित विभिन्न कृषि आदान एवं उपकरणों का वितरण भी किया।

अपने संबोधन में रूपसाय सलाम ने समन्वित कृषि, जैविक खेती और लघु वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप ने किसानों को नारियल और ऑयल पाम की खेती अपनाने, समय पर खाद-बीज का उठाव करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कृषि विविधीकरण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से किसान आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकते हैं।

उप संचालक कृषि प्रताप सिंह कुशरे ने विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों से इन योजनाओं से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान किसानों ने जैविक खेती के प्रति विशेष रुचि दिखाई और इसे अपनाने की इच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती, कृषि विविधीकरण तथा केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोटाम, उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

शेयर करें

By admin