Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरीपारा में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। पानी की कमी के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए भटगांव विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने हैंडपंप खनन की स्वीकृति प्रदान की। मंत्री की पहल और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ग्राम पंचायत डबरीपारा में सफलतापूर्वक हैंडपंप का खनन कराया गया।

इस समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र के युवा नेता सौरभ साहू ग्रामीणों के साथ लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर पेयजल समस्या को उठाते हुए इसके शीघ्र निराकरण के लिए लगातार पहल की। उनके प्रयासों और ग्रामीणों की एकजुट मांग के परिणामस्वरूप हैंडपंप खनन का कार्य पूरा हो सका।

हैंडपंप खनन कार्य का शुभारंभ युवा नेता सौरभ साहू एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में किया गया। इसके शुरू होने से आसपास के मोहल्लों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और युवा नेता सौरभ साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं का इसी तरह त्वरित समाधान किया जाएगा।

शेयर करें

By admin