Kawardha Congress Protest: कवर्धा। प्रदेश में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को कवर्धा में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्थानीय बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम जनता, किसानों, छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना था कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए बिजली बिलों में वृद्धि गंभीर चिंता का विषय बन गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण जनता की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि को जल्द वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। बिजली कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के प्रमुख झंडा चौक पहुंचे, जहां भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग दोहराई। पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आम जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और बिजली दर वृद्धि के मुद्दे पर सरकार को जवाब देना होगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरे समय मुस्तैद रहा। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शेयर करें Post navigation Surajpur News: कोरंधा पंचायत में मनरेगा और पीएम आवास में गड़बड़ी के आरोप, ग्रामीणों ने जनदर्शन में लगाई गुहार Bijapur News: कावड़गांव के ग्रामीणों को भूमि पर मिला वैधानिक अधिकार, हितग्राहियों में खुशी की लहर