Chhattisgarh Surajpur News: प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरंधा में प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत प्रस्तुत कर रोजगार सहायक द्वारिका गुप्ता पर आवास स्वीकृत कराने के नाम पर राशि लेने, फर्जी हाजिरी दर्ज कर मजदूरी भुगतान में गड़बड़ी करने तथा पात्र मजदूरों को रोजगार और भुगतान से वंचित करने के आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता गिरजाशंकर दुबे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे यूपीआई के माध्यम से 10 हजार रुपये लिए गए। वहीं लोचन यादव, दिलभरण बरगाह, मूलचंद सिंह सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मनरेगा के तहत कार्य किया, लेकिन उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी जगह फर्जी उपस्थिति दर्ज कर मजदूरी राशि का आहरण कर लिया गया।

ग्रामीणों ने मनरेगा की ऑनलाइन प्रविष्टियों पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कई ऐसे लोगों के नाम पर हाजिरी दर्ज की गई है जिन्होंने कोई कार्य नहीं किया। साथ ही कुछ मामलों में आवास निर्माण शुरू हुए बिना ही राशि निकाले जाने की आशंका भी जताई गई है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर मनरेगा कार्यों, मजदूरी भुगतान, कथित अवैध वसूली और फर्जी हाजिरी की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।

इस संबंध में जनपद पंचायत प्रतापपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अनिल तिवारी ने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायत की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले में जिला प्रशासन की आगामी जांच और कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हुई हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।

शेयर करें

By admin