Chhattisgarh Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम, निवासी ग्राम रीवागहन खेरथा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विनय कुमार गुरुवार सुबह पीटी में शामिल होने नहीं गया था। पीटी के बाद जब अन्य छात्र वापस विद्यालय पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। छात्र को विद्यालय के कमरा नंबर 16 में फंदे पर लटका देखकर स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

फिलहाल छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक छात्र के परिजनों एवं करीबियों से पूछताछ के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

By admin