Chhattisgarh Surguja News: अंबिकापुर। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर पर दबिश देकर करीब 2 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान 207 नग कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर से नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट बेची जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पहले टीम की ओर से मेडिकल स्टोर से दवाइयों की खरीदी कराई गई। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने दुकान में दबिश देकर जांच शुरू की।

तलाशी के दौरान दुकान के पीछे स्थित एक कमरे से 132 नग मैग्नाटस-टी कफ सिरप, 75 नग एपकोर्स कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गईं। इस तरह कुल 207 कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त की गईं। जब्त दवाइयों की बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

आबकारी विभाग ने मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने दवाइयां उत्तर प्रदेश से लाने की बात बताई है। विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और दवाइयों की सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।

कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शेयर करें

By admin