Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। अरपा नदी पर बने रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपये की राशि दूसरे विकास कार्यों में खर्च करने की तैयारी को लेकर शहर में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि अयोध्या की तर्ज पर रामसेतु को विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। कांग्रेस ने इस फैसले का विरोध करते हुए स्वीकृत राशि को दूसरे कामों में खर्च करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि रामसेतु सौंदर्यीकरण परियोजना के लिए शासन ने राशि स्वीकृत की थी। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया गया और टेंडर भी जारी किया गया था। इसके बावजूद अब परियोजना को बंद कर इस राशि को लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण पर खर्च करने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब शासन ने रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए अलग से 2.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, तो उस राशि का उपयोग दूसरे कार्यों में करने का फैसला क्यों लिया जा रहा है? उन्होंने आशंका जताई कि नगर निगम की अंदरूनी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के कारण शहर की एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि को दूसरे कार्यों में खर्च नहीं होने दिया जाएगा। पार्टी ने इस फैसले के खिलाफ क्रमबद्ध आंदोलन करने की चेतावनी दी है। फिलहाल, राशि के दूसरे कार्यों में उपयोग को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं और परियोजना को आगे बढ़ाने की मांग की है। शेयर करें Post navigation Durg Latest News: गिरधारीनगर में गैस सिलेंडर में लगी आग, दमकल कर्मियों ने ब्लास्ट होने से पहले पाया काबू Surguja Latest News: उत्तर प्रदेश से लाकर बेच रहा था प्रतिबंधित दवाइयां, न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर से नशीला सामान जब्त