Chhattisgarh News: पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में विकास की नई इबारत लिखते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम प्राणखैरा में बहुप्रतीक्षित धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। करीब 3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना के तहत 2.312 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पुल-पुलियों सहित किया जाएगा। लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह सौगात किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्यारंभ को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कई गांवों की बदलेगी तस्वीर

निर्माणाधीन सड़क से धौराबंद, आमादाह, बंशापुर, प्राणखैरा सहित आसपास के अनेक गांवों के सैकड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अब तक इन क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवागमन के लिए कठिन रास्तों और लंबी दूरी का सामना करना पड़ता था। सड़क बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा लोगों का समय और आर्थिक संसाधन दोनों बचेंगे।

विशेष रूप से दामापुर क्षेत्र और उससे जुड़े गांवों के निवासियों को कवर्धा, बोड़ला और रायपुर आने-जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नई सड़क बनने से यात्रा की दूरी कम होगी और लोगों को बारहमासी सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

सड़क केवल मार्ग नहीं, विकास का माध्यम : भावना बोहरा

भूमिपूजन अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है और इसके निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल गांवों को जोड़ने का काम नहीं करतीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा करती हैं।

उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के लिए बहुप्रतीक्षित सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और मरीजों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

पंडरिया में 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर

विधायक बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में जनता की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक स्तर पर सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में ग्रामीण, वनांचल और नगरीय क्षेत्रों में 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। इनमें कई परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनने वाली सड़क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्धि, विकास और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और पंडरिया विधानसभा इसका उदाहरण बन रही है।

विकास की नई पहचान बन रहा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़कों के विस्तार से लेकर विद्युत, पेयजल, आवास, शिक्षा और खेल सुविधाओं तक अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विद्युतविहीन गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है, ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। इसके अलावा 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी, व्यावसायिक परिसर, सिंचाई परियोजनाएं, मिनी स्टेडियम, बाईपास सड़क, सौंदर्यीकरण कार्य, प्रकाश व्यवस्था, तालाब संरक्षण, चौक-चौराहों का विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए महतारी सदन जैसी कई योजनाएं क्षेत्र में संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने दोहराया कि उनकी प्राथमिकता पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई तथा जनसुविधाओं से जुड़े कार्य भविष्य में भी इसी गति से जारी रहेंगे। ग्रामीणों के सहयोग और विश्वास के बल पर पंडरिया विधानसभा को प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाने का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है।

शेयर करें

By admin