Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। धमतरी जिले में आत्महत्या के मामलों का सिलसिला चिंता का विषय बना हुआ है। ताजा मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड का है, जहां एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मिलन साहू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह लंबे समय से शराब का सेवन करता था। बताया जा रहा है कि इसी कारण उसकी पत्नी करीब तीन वर्ष पहले मायके चली गई थी, जिसके बाद वह अकेले रह रहा था और मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गौरतलब है कि धमतरी जिले में आत्महत्या के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के शुरुआती छह महीनों में जिले में 174 लोगों ने आत्महत्या की। इन मामलों में पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानियां, मानसिक तनाव और नशे जैसी परिस्थितियां प्रमुख कारण के रूप में सामने आई हैं। यदि आप या आपका कोई परिचित लगातार तनाव, निराशा या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो परिवार, भरोसेमंद मित्र या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत सहायता लेना महत्वपूर्ण है। समय पर मिला सहयोग जीवन बचा सकता है। शेयर करें Post navigation Dongargarh News : डोंगरगढ़ भाजपा में इस्तीफों का सिलसिला जारी, नई नियुक्तियों के अगले दिन सह संयोजक ने छोड़ा पद Raipur News : रामअवतार जग्गी हत्याकांड में शूटर चिमन सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत