Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में शिक्षकों और शिक्षा संस्थानों से जुड़े गंभीर मामलों के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शराब पीकर स्कूल पहुंचने, अनुशासनहीनता और नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त रहने के आरोप साबित होने पर तीन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं एक प्रधान पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी जेआर डहरिया ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए बताया कि बरमकेला विकासखंड की प्राथमिक शाला राजपुर के प्रधान पाठक सरोज कुमार भोय पर स्कूल में शराब के नशे में पहुंचकर शिक्षण कार्य प्रभावित करने और विद्यार्थियों में भय का माहौल बनाने के आरोप सही पाए गए। इसी तरह बिलाईगढ़ विकासखंड की प्राथमिक शाला चकरदा के प्रधान पाठक राजेश कुमार गौतम पर सहकर्मियों से अभद्र व्यवहार, धमकी देने और लगातार अनुशासनहीनता के आरोप प्रमाणित होने पर निलंबित किया गया। बरमकेला की प्राथमिक शाला झाल की सहायक शिक्षिका यशवंती चौहान को शासकीय कार्य की उपेक्षा कर नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में शामिल रहने और पढ़ाई प्रभावित करने के आरोप में निलंबित किया गया है। वहीं एक अन्य प्रधान पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए प्रस्ताव संभागीय संयुक्त संचालक, बिलासपुर को भेजा गया है। इधर, अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र को सजा के तौर पर कॉपी में 100 बार गाली लिखवाने का मामला भी तूल पकड़ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है। वहीं जशपुरनगर के एक कन्या महाविद्यालय में छात्राओं की शिकायत पर लैब टेक्नीशियन अजय गुप्ता को अनुचित स्पर्श (बैड टच) सहित अन्य गंभीर आरोपों के चलते सरगुजा कमिश्नर ने निलंबित कर दिया है। छात्राओं ने इसकी शिकायत सीधे कलेक्टर से की थी। मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है। शेयर करें Post navigation Surajpur News: भूमि अधिग्रहण विवाद: मदननगर पहुंचे गोगपा नेता, ग्रामीणों को दिया समर्थन Balodabazar News: बाढ़ में फंसे 4 ग्रामीण और पालतू कुत्ते का रेस्क्यू, नगर सेना ने बचाई जान