MP Weather Update: भोपाल। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब 3 से 4 दिन की देरी से होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून 17 से 18 जून के बीच प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में दस्तक दे सकता है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो अगले 10 से 15 दिनों के भीतर मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं, जिसके चलते कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज बारिश की चेतावनी मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक शुक्रवार को मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बुरहानपुर, खंडवा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बरकरार वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों के लिए आंधी-बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में इन इलाकों में गर्मी का असर अभी जारी रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के कारण इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है। ग्वालियर में आधा इंच बारिश, कई जिलों में बदला मौसम गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। ग्वालियर में करीब आधा इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि मंडला, सिवनी, दतिया सहित कई जिलों में शाम के समय बारिश हुई। बारिश के बावजूद कई शहरों में गर्मी का असर कम नहीं हुआ और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबलपुर में 41.3 डिग्री, भोपाल और उज्जैन में 39.7 डिग्री तथा इंदौर में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी खजुराहो और नौगांव में दर्ज की गई, जहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा दमोह में 42.8 डिग्री, सतना में 42.7 डिग्री, रीवा में 42.5 डिग्री, दतिया में 42.2 डिग्री, टीकमगढ़ और मंडला में 42 डिग्री, उमरिया में 41.6 डिग्री तथा छिंदवाड़ा में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रायसेन और राजगढ़ में तापमान 41 डिग्री, गुना में 40.7 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री, सागर में 40.4 डिग्री तथा श्योपुर में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन के ब्रेक के बाद आगे बढ़ा मानसून मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून एक दिन के ठहराव के बाद 11 जून को कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मानसून की रफ्तार में तेजी आने की उम्मीद है। यदि मौसमीय सिस्टम अनुकूल बने रहते हैं तो मध्य प्रदेश में 17 या 18 जून तक मानसून की औपचारिक एंट्री हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के आगमन से पहले प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। शेयर करें Post navigation Jaspal Rana Passes Away: मशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन, 49 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा Shahdol News: शहडोल में हड़कंप: रिश्वतखोरी के आरोप में सेंट्रल बैंक अधिकारी गिरफ्तार