Yoga Diwas in Balrampur: बलरामपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले की प्रभारी एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नागरिकों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग को स्वास्थ्य, संतुलन और मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। योग और अध्यात्म एक-दूसरे के पूरक हैं और यह व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित तथा सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। योग ऐसी प्राचीन भारतीय साधना है, जो तन, मन और आत्मा के संतुलन के माध्यम से निरोग जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। योग व्यक्ति में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए नियमित योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, मकरासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य और एकाग्रता के महत्व को भी समझाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। स्काउट-गाइड विद्यार्थियों से किया संवाद, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने स्काउट-गाइड, रोवर और रेंजर के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने तथा अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। इसके पश्चात उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हाई स्कूल मैदान परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर हरित बलरामपुर के संकल्प को मजबूत किया। नशामुक्त भारत के निर्माण का दिलाया संकल्प जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योग तथा नशामुक्त जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया। जिलेभर में आयोजित हुए योग कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों और विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। शेयर करें Post navigation Kawardha News: वनांचल की वादियों में गूंजा योग का संदेश, विधायक भावना बोहरा के साथ हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास CG News: हास्य योग केंद्र भारत और छत्तीसगढ़ हास्य योग महासंघ ने किया व्यापक जनजागरण, स्कूलों और संस्थानों में पहुंचे साधक