Yoga Diwas in Kawardha: कवर्धा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम भैंसाओदार (तहसील कुई-कुकदूर) में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में वनांचल क्षेत्र सहित पंडरिया विधानसभा के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और निरोग एवं संतुलित जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।

अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की प्रस्तुति ने मोहा मन

कार्यक्रम में बस्तर के सुदूर वनांचल से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली तथा ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ की विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। मल्लखंब योग की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया और भारतीय पारंपरिक खेल एवं योग की समृद्ध विरासत का परिचय कराया।

योग विश्व मानवता के स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम : भावना बोहरा

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सशक्त साधन है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है। वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त रहने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक योगाभ्यास सामाजिक एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता को भी मजबूत करता है।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास

भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में आमजन के बेहतर स्वास्थ्य और सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है, जिसमें 20 से अधिक प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक लगभग 13 हजार लोग इसका लाभ उठा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आठ निःशुल्क एंबुलेंस सेवाएं चौबीसों घंटे संचालित की जा रही हैं, जिनसे अब तक लगभग 32 हजार लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल चुकी है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

शेयर करें

By admin