Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं का हुनर अब गांव की चौखट से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की लखपति दीदियां अपनी कला, मेहनत और उद्यमिता का प्रदर्शन कर रही हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन के हॉल नंबर 4 में लगाए गए ‘लखपति दीदी’ स्टॉल पर प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण महिलाओं के हुनर को प्रदर्शित किया जा रहा है।

14 से 27 नवंबर तक आयोजित इस व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा, कोरबा, बस्तर, धमतरी और रायगढ़ जिलों के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी पांच लखपति दीदियां हिस्सा ले रही हैं। उनके द्वारा तैयार कोसा साड़ियां, आकर्षक जैकेट, कॉटन ड्रेस मटेरियल, पारंपरिक बेल मेटल शिल्पकृतियां, स्थानीय मसाले और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है।

‘छत्तीसकला’ ब्रांड से ग्रामीण उत्पादों को मिल रही पहचान

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत ‘छत्तीसकला’ ब्रांड ग्रामीण महिलाओं के हुनर को नई पहचान दिलाने का माध्यम बन रहा है। इस ब्रांड के जरिए स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार गुणवत्तापूर्ण और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भागीदारी से लखपति दीदियों को अपने उत्पाद देश-विदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और संभावित खरीदारों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इससे उनके उत्पादों की बाजार तक पहुंच बढ़ने और भविष्य में नए व्यावसायिक संबंध स्थापित होने की संभावनाएं भी बन रही हैं।

स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं

‘बिहान’ मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर पारंपरिक आजीविका गतिविधियों के साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समूहों के जरिए उन्हें कौशल विकास, उत्पादन, विपणन और आजीविका संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

लखपति दीदी पहल महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। व्यापार मेले में उनकी भागीदारी इसी बदलते स्वरूप को सामने ला रही है।

‘विकास और विरासत’ थीम को दे रहीं सार्थक रूप

इस वर्ष भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियों की भागीदारी इस थीम को सार्थक रूप दे रही है। महिलाएं एक ओर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर अपने उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिला उद्यमिता की बढ़ती भूमिका को भी सामने ला रही हैं।

राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने का मिल रहा अवसर

नई दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की पांच लखपति दीदियों की भागीदारी ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक स्वावलंबन और उद्यमशीलता की तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। यह पहल प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शेयर करें

By admin