Chhattisgarh News: महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बच्चों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से लेकर सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अब अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर उतर आई हैं। कम मानदेय, बढ़ते कार्यभार और संसाधनों की कमी के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले जिले की कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। 17 से 19 नवंबर तक चलने वाले इस आंदोलन के जरिए वे श्रम के अनुरूप मानदेय, बेहतर कार्य परिस्थितियों और सम्मान की मांग उठा रही हैं। सरकारी योजनाओं के साथ कई जिम्मेदारियां निभाने का दावा संघ की जिलाध्यक्ष सरोज चंद्राकर, सचिव पूजारानी सलूजा, कोषाध्यक्ष रवीना साहू और ब्लॉक अध्यक्ष ज्योत्स्ना नंद, प्रभाशालनी चौहान, अनंता पाण्डेय तथा कल्पना चौहान ने संयुक्त रूप से कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल केंद्र का संचालन करना नहीं है, बल्कि सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सफल बनाने का काम भी उनके जिम्मे है। उनके अनुसार, बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा देना, टीकाकरण में सहयोग, पूरक पोषण आहार वितरण, स्वास्थ्य जांच, संदर्भ सेवाएं, गर्भवती और धात्री महिलाओं का सर्वेक्षण, बच्चों का प्रतिमाह वजन लेना और कुपोषण दूर करने के प्रयास जैसे काम भी उन्हें करने पड़ते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या योजना और महतारी वंदन योजना के आवेदन भरने से लेकर बाल भोज, सुपोषण चौपाल, ईसीसी डे, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम, महिला सशक्तीकरण और जागरूकता शिविरों के आयोजन तक की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ती है। सरकारी कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने, सर्वेक्षण और ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने का अतिरिक्त दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। कई मोबाइल एप पर काम, तकनीकी सुविधाओं की कमी का आरोप आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विभाग उनसे कई मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल पर लगातार काम करने की अपेक्षा करता है, लेकिन इसके लिए पर्याप्त तकनीकी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। संगठन के मुताबिक, महज 167 रुपए में कई तरह के एप पर काम करने की जिम्मेदारी दी जा रही है। उनका कहना है कि योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर डिजिटल डाटा एंट्री तक का बोझ उठाने के बावजूद जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय और सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया है। सहायिकाओं को छह घंटे काम के बदले 5 हजार रुपए मानदेय सहायिकाओं की स्थिति को लेकर भी संगठन ने चिंता जताई है। संघ के अनुसार, बच्चों को केंद्र तक लाने और छोड़ने, बस्ता एवं अन्य व्यवस्थाएं संभालने, गरम भोजन तैयार करने, बच्चों की देखभाल और केंद्र की साफ-सफाई जैसे काम सहायिकाओं को करने पड़ते हैं। संगठन का कहना है कि सहायिकाएं सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक सेवाएं देने के बावजूद महज 5 हजार रुपए मानदेय प्राप्त कर रही हैं। इतनी कम राशि में परिवार का खर्च चलाना और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। थाली बजाकर जताएंगी विरोध, 19 नवंबर को मनाएंगी काला दिवस अपनी मांगों को लेकर संघ ने 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय आंदोलन का कार्यक्रम तय किया है। आंदोलन के दूसरे दिन यानी 18 नवंबर को कार्यकर्ता और सहायिकाएं थाली बजाकर शासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करेंगी। वहीं, 19 नवंबर को काला दिवस मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं काली साड़ी, काला ब्लाउज और काला चश्मा पहनकर रैली निकालेंगी और मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराएंगी। मानदेय वृद्धि और बेहतर सुविधाओं की मांग संघ की प्रमुख मांगों में काम और जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, सहायिकाओं को उनके श्रम का उचित मूल्य, बढ़ते कार्यभार के अनुपात में आवश्यक सुविधाएं और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना तथा आंगनबाड़ी सेवाओं में उनके योगदान को उचित सम्मान देना शामिल है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में दिन-रात जुटी महिलाओं के श्रम की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं की सफलता की जिम्मेदारी उठाने वाली महिलाओं को ही सम्मानजनक मानदेय के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Latest News: रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में बनेगा यूनिफाइड एग्जामिनेशन सेंटर, कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक Durg Yuva Mahotsav: दुर्ग में युवा उत्सव की तैयारी, जिला स्तर पर पहले और दूसरे स्थान पर आने वालों को मिलेगा राज्य स्तर पर मौका