Vishnu Deo Sai

CG Bilaspur News: बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में कचरे से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में गोवर्धन योजना के तहत विकसित किए जा रहे कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्र का अवलोकन किया। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा विकसित किए जा रहे इस संयंत्र की स्वीकृत लागत लगभग 75 करोड़ रुपए है। यहां प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर करीब 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद तैयार करने का प्रस्ताव है।

मुख्यमंत्री ने परियोजना की प्रगति, कचरा प्रसंस्करण की व्यवस्था और गैस एवं जैविक खाद उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कचरे के उपयोग से स्वच्छ ऊर्जा तैयार करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।

10 एकड़ में विकसित हो रहा 75 करोड़ का CBG प्लांट

ग्राम सेंदरी में लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में यह परियोजना विकसित की जा रही है। इसे बिलासपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। संयंत्र में नगरीय ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण होगा। इससे शहर में कचरे के निस्तारण का दबाव कम होने के साथ ही अपशिष्ट से उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे।

रोजाना 130 टन कचरे से बनेगी बायोगैस और जैविक खाद

इस संयंत्र में प्रतिदिन लगभग 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण प्रस्तावित है। इससे रोजाना करीब 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद का उत्पादन किया जाएगा। इस पहल से कचरे का बेहतर उपयोग होगा और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

किसानों को मिलेगी जैविक खाद, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मिलेगी मदद

संयंत्र से निकलने वाले सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर (SFOM) का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जा सकेगा। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और खेती में जैविक संसाधनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही किसानों को उपयोगी जैविक खाद उपलब्ध हो सकेगी।

निर्माण कार्य में रोजाना 150 श्रमिकों को रोजगार

अधिकारियों के अनुसार, परियोजना स्थल पर प्रमुख सिविल कार्यों और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जारी है। निर्माण कार्य के दौरान प्रतिदिन लगभग 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद कचरा प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और जैविक खाद निर्माण के क्षेत्र में इसके महत्वपूर्ण परिणाम सामने आने की उम्मीद है।

स्वच्छ और हरित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कचरे से बायोगैस और जैविक खाद बनाने जैसी परियोजनाएं शहरों की स्वच्छता के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग का रास्ता खोलती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल स्वच्छ एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

शेयर करें

By admin