Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष एवं बलिदान को याद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आने वाली पीढ़ियों को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। यहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, उनके संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से जुड़ी जानकारियों को देखा तथा इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे प्रयास समृद्ध विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और खुशहाली एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Latest News: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी, CM विष्णुदेव साय ने जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान को किया याद Raipur Latest News: सड़क पर कुर्सी-टेबल और अव्यवस्थित पार्किंग पर लगेगी रोक, चौपाटी संचालकों को पुलिस की सख्त चेतावनी