Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी महाअभियान शुरू हो रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुरू होने वाली इस खरीदी में राज्य के 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ देने की व्यवस्था की है।

इस वर्ष किसानों के लिए खास प्रावधान किया गया है। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की एक समान आदान सहायता मिलेगी। यानी एक एकड़ पंजीकृत रकबे वाला किसान यदि 21 क्विंटल के बजाय केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे पूरी 13,839 रुपये की सहायता मिलेगी। दो एकड़ पर 27,678 रुपये और तीन एकड़ पर 41,517 रुपये की सहायता निर्धारित है।

यह राशि कॉमन ग्रेड धान के 2,441 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य और सरकार की 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित दर के बीच 659 रुपये के अंतर के आधार पर तय की गई है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से यह अंतर 13,839 रुपये होता है।

धान खरीदी के लिए प्रदेश में 3,100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। अब तक 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके हैं। खरीदी केंद्रों पर बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण, भंडारण और परिवहन सहित जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों को निर्धारित तारीख पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2023 से 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। नई खरीदी व्यवस्था में कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी प्रति एकड़ सहायता मिलने का प्रावधान किया गया है।

शेयर करें

By admin