Cyclone Arnab Update: छत्तीसगढ़। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर देश के कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ रहे इस तूफान के कारण छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) ने 29 अक्टूबर को कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट की जानकारी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश की आशंका है। इसके अलावा ओडिशा के आंतरिक हिस्सों, पूर्वी विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान है। दिल्ली, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी है। तूफान के अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके अगले कुछ घंटों में कमजोर होकर पहले चक्रवाती तूफान और फिर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। 29 से 31 अक्टूबर के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम के संभावित असर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी जाती है। शेयर करें Post navigation Bastar Latest News: कोटपाड़ में गौवंश संरक्षण की कार्रवाई, गौ सेवकों ने परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच मांगी Chhattisgarh Latest News: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई, रिश्वत मामले में पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी सस्पेंड