Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत हजारों अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राहत मिली है। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ की मांग के बाद राज्य सरकार ने सिटी बस सेवा की अवधि छह महीने तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इससे 1 नवंबर 2026 से बस सेवा बंद होने की आशंका दूर हो गई है और कर्मचारियों का आवागमन जारी रह सकेगा। दरअसल, रायपुर नगर निगम ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के अंतर्गत संचालित सिटी बस सेवा की मौजूदा अनुबंध अवधि 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो रही थी। इसके बाद कर्मचारियों को स्वयं आवागमन की व्यवस्था करने संबंधी पत्र जारी होने से चिंता बढ़ गई थी। मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रणाली और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होने के कारण बस सेवा बंद होने से कर्मचारियों के साथ शासकीय कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चन्द्रकांत पाण्डेय ने मुख्य सचिव को पत्र सौंपकर बस सेवा जारी रखने की मांग की थी। संघ की मांग पर सामान्य प्रशासन विभाग ने सेवा की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने और नई व्यवस्था शुरू होने तक अथवा अधिकतम छह महीने तक, जो भी पहले हो, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) को बस संचालन का अनुबंध बढ़ाने के लिए अधिकृत किया गया है। शासन ने 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक प्रति बस पास की मासिक प्रस्तावित दर 3,066 रुपये निर्धारित करने की स्वीकृति भी दी है। इसके साथ ही बस सेवा की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत सभी बसों का नियमित तकनीकी निरीक्षण और मेडिकल चेकअप कराने, खराब बसों के स्थान पर तत्काल दुरुस्त बसें उपलब्ध कराने तथा चालकों और परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया है। बस सेवा की अवधि बढ़ाए जाने पर मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत जताई है। कर्मचारी संघ ने इस निर्णय को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Latest News: सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद समेत 5 जिलों में पटवारी के 75 पद, छत्तीसगढ़ में कुल 200 रिक्तियों को मंजूरी Raipur Latest News: राज्योत्सव और दीपावली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा की मांग, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से कर्मचारी संघ ने की अपील