Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में क्रिप्टो करेंसी और USDT ट्रेडिंग में कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 25 लाख 66 हजार 900 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना पुलिस ने समता कॉलोनी निवासी चिकित्सा अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर रेशमी गुप्ता और सुरेश चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार अगस्त 2026 में राकेश मिश्रा की फेसबुक के माध्यम से रेशमी गुप्ता से पहचान हुई। उसने क्रिप्टो करेंसी में निवेश का प्लान बताते हुए अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया और बाद में अपने सीनियर सुरेश चौहान से संपर्क कराया। आरोपियों ने उन्हें सिनचेन नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत कराया। शुरुआती ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाया गया। इसके अलावा बाइनेंस ट्रेडिंग ऐप पर भी खाते के जरिए लाभ की रकम दिखाई गई, जिससे शिकायतकर्ता का भरोसा बढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों और UPI के माध्यम से कुल 25 लाख 66 हजार 900 रुपये जमा करा लिए। ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर लगातार बढ़ता मुनाफा दिखाई देने के कारण शिकायतकर्ता ने और रकम निवेश कर दी।

शिकायत के अनुसार 22 सितंबर को जब राकेश मिश्रा ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो निकासी रोक दी गई। इसके बाद आरोपियों ने राशि निकालने के लिए RBI की गाइडलाइन के तहत वेरिफिकेशन चैनल फीस जमा करने की बात कही। शिकायतकर्ता द्वारा संबंधित गाइडलाइन का पत्र मांगे जाने पर एक कथित पत्र भेजा गया, जिसे जांच कराने पर फर्जी बताया गया।

इसके बाद राकेश मिश्रा को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। बाद में आजाद चौक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर बैंक खातों और UPI लेनदेन की जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

 

शेयर करें

By admin