Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में धान खरीदी केंद्र को बकतरा स्थानांतरित किए जाने का मामला गरमा गया है। फैसले से नाराज किसानों ने SDM कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। किसानों ने बकतरा में धान बेचने से इनकार करते हुए खरीदी केंद्र को वापस बिरोदा में संचालित करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, धान खरीदी शुरू होने के पहले दिन किसान अपनी उपज लेकर बिरोदा पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि खरीदी केंद्र को बकतरा स्थानांतरित कर दिया गया है। किसानों का आरोप है कि केंद्र शिफ्ट करने से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई।

किसानों का कहना है कि उन्होंने अपने पैसे और मेहनत से बिरोदा में धान खरीदी की तैयारियां की थीं। ऐसे में अचानक केंद्र दूसरी जगह स्थानांतरित होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों ने बकतरा पहुंचने वाले रास्तों की खराब स्थिति और परिवहन सुविधाओं की कमी को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि धान से भरे वाहनों को बकतरा तक ले जाना मुश्किल है और खराब रास्तों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

इन्हीं समस्याओं को लेकर किसानों ने SDM कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी। किसानों ने साफ कहा कि जब तक खरीदी केंद्र को वापस बिरोदा में शुरू नहीं किया जाता, वे बकतरा में अपनी उपज नहीं बेचेंगे। अब प्रशासन के फैसले पर किसानों की नजर टिकी है।

 

शेयर करें

By admin