Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राजनांदगांव के पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (PTC) ग्राउंड में 84वें प्रशिक्षण सत्र के नवआरक्षकों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। समारोह में 678 नवआरक्षकों ने अनुशासन और कदमताल के साथ अपनी ट्रेनिंग पूरी होने का प्रदर्शन किया। महीनों की कठिन आउटडोर और इनडोर ट्रेनिंग के बाद अब ये जवान प्रदेश के विभिन्न जिलों और थानों में पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। इस बैच में 472 पुरुष और 206 महिला आरक्षक शामिल हैं। प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत 14 जनवरी को हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा कॉन्स्टेबल बैच है। नवआरक्षकों को वीआईपी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के व्यावहारिक अनुभव के साथ तैयार किया गया है। समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया। इस बैच की खास बात यह रही कि इसमें नए भर्ती हुए युवाओं के साथ आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल रहे। सभी को पारंपरिक ड्रिल और फील्ड क्राफ्ट के अलावा आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, फॉरेंसिक, एनडीपीएस और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य जवानों को बदलती चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना है। बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटी वनीता सोरी के लिए पुलिस की वर्दी एक नई शुरुआत और सम्मान का प्रतीक बनी है। वहीं बलौदाबाजार की उजाला कामरी सहित अन्य नवआरक्षकों ने भी कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद परेड में हिस्सा लिया। महीनों की मेहनत और चुनौतियों के बाद प्रशिक्षण पूरा होने पर जवानों के चेहरों पर उत्साह और संतोष नजर आया। शेयर करें Post navigation Bastar Latest News: दोस्ती और शादी का झांसा देकर शोषण, बस्तर के सात जिलों में अपहरण के 578 मामले