Chhattisgarh Patan News: पाटन। ‘मेरे सपनों का भारत’ राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पाटन में ‘मेरा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की। मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार और भाषण प्रस्तुत किए। सांसद ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, योगेश निक्की भाले, नीलम चंद्राकर, हर्षा लोकमणी चंद्राकर, कमलेश चंद्राकर, दयानंद सोनकर, राजा पाठक, रानी बंछोर, राजेश चंद्राकर, राजू रुपेन्द्र साहू, धर्मेन्द्र सिगौर, प्रकाश बिजौर, कुनाल वर्मा, निशा सोनी, मिलन देवांगन, एसएनसी एवं सेजस सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भारत को विकसित एवं विश्व में अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। सांसद विजय बघेल ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने मन में बसे भारत के भविष्य को चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और सोच की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति प्रयास करे और किसी प्रतियोगिता में भाग लेने का साहस रखे। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में अनेक चुनौतियां आईं, लेकिन वे राष्ट्र सेवा में निरंतर जुटे रहे। उन्होंने कहा कि देश को विकसित और सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। सांसद ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर लगातार आगे बढ़ रहा है और अर्थव्यवस्था सहित अनेक क्षेत्रों में देश ने प्रगति की है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अब वर्तमान पीढ़ी के सामने भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक आगे बढ़ने का संकल्प ले, तो सामूहिक प्रयासों से देश भी आगे बढ़ सकता है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआत में स्वच्छता अभियान को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं, लेकिन बाद में यह व्यापक जनअभियान के रूप में आगे बढ़ा। सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने, अच्छे अंक प्राप्त करने और अपने परिवार, समाज तथा देश का नाम रोशन करने की बात कही। शेयर करें Post navigation Durg News: पुतला दहन के दौरान आरक्षक के झुलसने के मामले में पुलिस ने पेश किया चालान, 9 कांग्रेस नेताओं को मिली नियमित जमानत