Chhattisgarh Latest News: रायपुर: उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े प्रकरणों की वापसी को लेकर मंत्रालय में प्रकरण वापसी समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित 16 प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें 8 लंबित प्रकरण भी शामिल रहे।

समिति ने सभी प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा के बाद 9 मामलों में वापसी की अनुशंसा की। वहीं, 2 प्रकरणों को पुनर्विचार के लिए संबंधित जिलों में भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शेष प्रकरणों को राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित नहीं पाए जाने पर समिति ने विचार के बाद उन्हें अस्वीकृत कर दिया।

लंबित प्रकरणों की स्थिति की ली जानकारी

बैठक में समिति ने अधिकारियों से पूर्व में अनुशंसित लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति और नियमानुसार आगे की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी ली। अधिकारियों को इन मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा न्यायालय में लंबित प्रकरणों को भी त्वरित गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

प्रकरणवार समीक्षा कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से जुड़े मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की और लंबित मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, प्रमुख सचिव विधि मनीष ठाकुर, गृह सचिव नेहा चंपावत, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

By admin