Chhattisgarh Durg News : दुर्ग। शहर में सराफा कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब दो साल पुरानी घटना को हमले की वजह बताया है। सराफा कारोबारी के अनुसार, चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक चांदी की चेन लेकर दुकान पर पहुंचा और उसे गिरवी रखने की बात कही। दुकान संचालक ने चेन गिरवी रखने से इनकार करते हुए उसे किसी दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा। इसी दौरान युवक ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और कारोबारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में ज्वेलरी शॉप संचालक के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। CSP हर्षित मेहर ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है। पुलिस के अनुसार, करीब दो साल पहले आरोपी किशोर रंजन पालित की दुकान पर चांदी की चेन खरीदने पहुंचा था। चेन की कीमत 450 रुपए थी, जबकि उसके पास 350 रुपए थे। 100 रुपए कम होने पर उसने कारोबारी से चेन की कीमत कम करने के लिए कहा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उस दौरान कारोबारी की एक कथित टिप्पणी से उसे अपमानित महसूस हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना के बाद से उसके मन में कारोबारी को लेकर रंजिश बनी हुई थी। पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। शेयर करें Post navigation Raipur News: ‘रक्षक’ पाठ्यक्रम को मिला राष्ट्रीय सम्मान, बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने हासिल किया SKOCH गोल्ड अवार्ड Raipur News: एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया संजू देवी ने, CM साय बोले- बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा