Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। नौकरी लगाने के नाम पर कथित रूप से 2 लाख 2 हजार रुपए लेने और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र भेजने के मामले में चलगली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशीष पिता रामदिल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सरस्वतीपुर, चौकी रनहत, थाना चलगली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 को प्रार्थी रामऔतार, उम्र 29 वर्ष, निवासी चलगली ने थाना चलगली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके रिश्ते के भांजे आशीष सिंह ने नौकरी लगवाने का भरोसा देकर अलग-अलग माध्यमों से उससे रकम ली। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराने की बात कहकर प्रार्थी से जरूरी दस्तावेज लिए और रकम की मांग की। प्रार्थी के अनुसार अलग-अलग तारीखों में फोन-पे और बैंक भुगतान के माध्यम से रकम भेजी गई, जबकि कुछ रकम नकद भी दी गई। शिकायतकर्ता ने कुल 2 लाख 2 हजार रुपए दिए जाने की बात कही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि रकम लेने के बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा। बाद में पासबुक और पैन कार्ड से जुड़ी जानकारी भी मांगी गई। नौकरी नहीं लगने पर जब शिकायतकर्ता ने रकम वापस मांगी तो कथित रूप से आरोपी टालमटोल करता रहा। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान आरोपी आशीष ने 19 सितंबर 2026 को एक Vivo कंपनी का मोबाइल पुलिस के समक्ष पेश किया, जिसे जब्ती पत्रक के अनुसार जब्त किया गया। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे 19 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की कार्रवाई में निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, प्रधान आरक्षक 405 विष्णुकांत मिश्रा, साइबर आरक्षक 1085 आकाश तिवारी और महिला आरक्षक 708 विनीता यादव शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े तथ्यों की विवेचना जारी है। शेयर करें Post navigation Dhamtari News: पुलिसकर्मी बनकर किया अपहरण और लूट, फरार दो आरोपी भी पकड़े गए Bhilai News: बीएसपी टाउनशिप के आवासों पर RTI से सवाल, अधिकारी-कर्मचारियों के निवास की जानकारी उपलब्ध नहीं