Chhattisgarh Patan News: पाटन। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग दुर्ग के सहयोग से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मूल्यांकन, परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर का आयोजन सामुदायिक देवांगन भवन में किया गया। शिविर में नगर पालिका निगम भिलाई-चरोदा, नगर पंचायत पाटन तथा जनपद पंचायत पाटन के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया।

शिविर में कुल 73 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों का पंजीयन किया गया। परीक्षण के बाद जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कुल 74 सामग्रियों का चिन्हांकन किया गया। दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्रायसायकल, ट्रायसायकल, बैसाखी, व्हीलचेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरणों का चिन्हांकन किया गया।

वहीं वरिष्ठजनों के लिए श्रवण यंत्र, कमोड चेयर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों का चिन्हांकन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना रहा।

शिविर में सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, कमलेश वर्मा, जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा तथा समाज कल्याण विभाग के नोडल अधिकारी जगत राम ठाकुर सहित एलिम्को रायपुर की चिकित्सकीय टीम, नगर पंचायत पाटन के कर्मचारी और समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

समाज शिक्षा संगठक भूमिका गोपाल सहित विभागीय कर्मचारियों ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग किया। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों का परीक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी की गई।

शेयर करें

By admin

ताजा खबर