Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में बारिश के दौरान नदी-नालों के उफान पर आने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। धमतरी जिले के नगर पंचायत लटियारा के चर्रा कच्छारपारा में शनिवार सुबह ऐसी ही तस्वीर सामने आई, जहां ग्रामीणों ने एक बीमार व्यक्ति को खाट पर बैठाकर ओवरफ्लो हो रहे नाले को पार कराया। ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में हर साल इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। जानकारी के मुताबिक, चर्रा कच्छारपारा निवासी गोपेश पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन लगातार बारिश के कारण चर्रा का डुमर नाला उफान पर था। ऐसे में ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर बैठाकर नाला पार कराने का फैसला किया। चार लोगों ने खाट को उठाया और तेज बहाव के बीच नाले के दूसरी तरफ पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, नाले पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में मरीजों के साथ स्कूली बच्चों और अन्य ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी होती है। उनका कहना है कि हर साल बारिश के दौरान नाला उफान पर आने के बाद आवाजाही प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द यहां पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को इस तरह जान जोखिम में डालकर नाला पार न करना पड़े। जिला कलेक्टर ने कहा कि बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में लोगों को ऐसे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए और सतर्कता बरतनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, वहां प्रशासन की ओर से पहले ही राशन पहुंचाया गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इधर, माडमसिल्ली डैम के गेट खोले जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है और पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। इसके बावजूद लोगों के पुल पार करने के वीडियो सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि तीजा पर्व के चलते महिलाएं भी अपने घर जाने के लिए जोखिम उठाकर पुल पार कर रही हैं। सामने आए वीडियो में तेज बहाव के बीच बस और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों को भी पुल पार करते हुए देखा जा सकता है। ऐसे हालात में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है। शेयर करें Post navigation Raipur News: राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में चमकीं खुशबू शर्मा, ‘मिसेज इंडिया अर्थ विनर 2026’ का ताज अपने नाम Bemetara News: जहरीले सांप का रेस्क्यू पड़ा भारी, डसने के बाद अस्पताल में स्नेक कैचर की मौत