Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में संदिग्ध पनीर की सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 650 किलो पनीर जब्त कर जांच के लिए सैंपल भेजा है। टीम ने जोरा मॉल के सामने खड़े एक पिकअप वाहन का औचक निरीक्षण किया। वाहन में ओडिशा परिवहन के लिए रखी गई पनीर की सामग्री मिली, जिसकी गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नोडल अधिकारी डोमेंद्र ध्रुव ने बताया कि संदिग्ध पनीर को लेकर मिली सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान पिकअप वाहन में रखी पनीर सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर उसका नमूना नियमानुसार जांच के लिए संकलित किया गया।

जांच में यह सामग्री बिरगांव निवासी अंशु बंसल के नाम से संबंधित पाई गई। सैंपल लेने के बाद बची हुई पनीर सामग्री को नियमानुसार उनकी ही अभिरक्षा में सीज कर सुरक्षित रखा गया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार पनीर के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि पनीर खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है या नहीं।

शेयर करें

By admin