Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की, जिसमें छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार भैना के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह जम्मू-कश्मीर में पिछले करीब 21 महीनों में प्रवासी मजदूरों पर हुआ पहला बड़ा आतंकी हमला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कुलगाम में एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दोनों मजदूरों पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दीपक कुमार रात्रे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र कुमार भैना को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने एडीजी इंटेलिजेंस अमित कुमार से फोन पर जानकारी ली और हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हमले के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटना की जांच जारी है और हमलावरों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। शेयर करें Post navigation Bilaspur News: कोटा में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 10 दिनों में मिले 25 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट Raipur News : रायपुर केंद्रीय जेल में नशे की तस्करी का खुलासा, प्याज-साबुन और बिस्किट में छिपाकर पहुंचाया जा रहा था गांजा