Balaghat News: बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। शराब की लत से परेशान एक महिला ने अपने ही पति को सार्वजनिक रूप से खंभे से बांध दिया। इतना ही नहीं, जब पति शराब के नशे में गाली-गलौच करने लगा तो महिला ने उसके मुंह पर टेप भी चिपका दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई, जब क्षेत्र की महिलाएं शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रही थीं। 12 मार्च से शराब दुकान हटाने की मांग पर धरने पर बैठी हैं महिलाएं जानकारी के मुताबिक, बालाघाट शहर के वार्ड क्रमांक-13 बूढ़ी में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाएं 12 मार्च से लगातार अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से इलाके के कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं और घरेलू हिंसा, झगड़े तथा सामाजिक समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। आंदोलन के दौरान महिलाओं ने कई अनोखे तरीके अपनाए। उन्होंने शराब खरीदने आने वाले लोगों को फूल भेंट कर शराब छोड़ने की अपील की, प्रतीकात्मक अर्थी यात्रा निकाली और प्रशासन के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को भाजपा सांसद भारती पारधी, कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे, आयोग सदस्य मौसम बिसेन, पूर्व सांसद कंकर मुंजारे और नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधियों का समर्थन भी मिल चुका है। इसके बावजूद अब तक शराब दुकान नहीं हटाई गई है। शराब पीकर धरना स्थल पहुंचा पति, पत्नी से की अभद्रता बताया जा रहा है कि आंदोलन में शामिल एक महिला का पति संजू चौधरी शराब पीने का आदी है। पत्नी कई बार उसे शराब छोड़ने के लिए समझा चुकी थी, लेकिन उसकी आदत नहीं बदली। 29 जून की देर शाम संजू चौधरी शराब दुकान पहुंचा और वहां से शराब पीने के बाद सीधे धरना स्थल पर पहुंच गया। नशे की हालत में उसने प्रदर्शन कर रही महिलाओं के बीच हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया और आंदोलन को बाधित करने की कोशिश की। इससे नाराज होकर महिला ने मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं की मदद से उसे खंभे से बांध दिया। गाली देने पर मुंह पर चिपकाया टेप, वीडियो हुआ वायरल खंभे से बंधे होने के बावजूद जब संजू चौधरी गाली-गलौच करता रहा, तब उसकी पत्नी ने उसके मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह हंगामा न कर सके। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग महिला के कदम को मजबूरी बता रहे हैं, तो कुछ इसे कानून अपने हाथ में लेने जैसा मान रहे हैं। महिला बोली- शराब ने परिवार की खुशियां छीन लीं महिला का कहना है कि शराब की वजह से उसका परिवार लंबे समय से परेशान है। पति की शराब की लत के कारण घर का माहौल लगातार खराब रहता है। वह खुद शराबबंदी की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है, जबकि उसका पति शराब पीकर उसी आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रहा था। महिला ने कहा कि उसने कई बार पति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ और उसने सार्वजनिक रूप से अभद्रता शुरू कर दी, तब मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। शराबबंदी की मांग फिर हुई तेज इस घटना के बाद क्षेत्र में शराब दुकान हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। आंदोलनकारी महिलाओं का कहना है कि जब तक वार्ड से शराब दुकान नहीं हटाई जाएगी, उनका धरना जारी रहेगा। उनका आरोप है कि शराब की वजह से परिवार टूट रहे हैं और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। हालांकि इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं आंदोलनकारी महिलाओं ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर शराब दुकान हटाने की मांग दोहराई है। शेयर करें Post navigation Rajgarh News: जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन पर CM ने खोला विकास का पिटारा