नरसिंहपुर: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के बरमान कला हाई स्कूल में पदस्थ प्रिंसिपल पर छात्र-छात्राओं ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्चों का आरोप है कि उनसे जबरन टॉयलेट साफ करवाया जाता है और सजा के तौर पर नुकीली गिट्टी पर घंटों घुटनों के बल बैठाया जाता है। मामले को लेकर नाराज छात्र-छात्राएं अपने परिजनों के साथ बरमान पुलिस चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि वे पिछले करीब एक महीने से कथित मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। बच्चों के मुताबिक, उन्हें जबरन शौचालय साफ करने के लिए कहा जाता है। वहीं, सजा के तौर पर कड़ी धूप या कक्षा में नुकीली गिट्टी पर घंटों घुटनों के बल बैठाया जाता है। छात्रों का दावा है कि इससे उनके शरीर पर जख्म भी हो जाते हैं। अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप बच्चों ने प्रिंसिपल पर उनके साथ अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि लगातार ऐसी परिस्थितियों का सामना करने के बाद उन्होंने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन बच्चों को साथ लेकर पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रिंसिपल गीता गौर ने आरोपों को किया खारिज मामले में स्कूल की प्रिंसिपल गीता गौर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वह खुद कभी-कभार स्कूल में साफ-सफाई करती हैं, लेकिन उन्होंने कभी छात्र-छात्राओं से टॉयलेट साफ नहीं करवाया और न ही उनके साथ अभद्र व्यवहार किया है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की बरमान चौकी प्रभारी आरती वर्मा ने बताया कि छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शेयर करें Post navigation MP News: दमोह के हिंडोरिया में देवी विसर्जन जुलूस के दौरान मस्जिद के पास हवाई फायरिंग, वीडियो वायरल होने पर FIR, आरोपी की तलाश