Chhattisgarh Latest News: रायपुर। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर शुक्रवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बलौदाबाजार स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित की गई तथा सरस्वती सायकल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए डीएमएफ मद से राशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत 400 से अधिक शिक्षकों की मानदेय के आधार पर नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए और जीवन में अच्छी संगति का चयन करना चाहिए। इस अवसर पर जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल मिशन उत्कर्ष-2027 का भी शुभारंभ किया गया।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में शिक्षकों की कमी का डिजिटल समाधान किया जाएगा। इसके तहत 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सुधार के लिए उत्कृष्ट व्याख्याताओं की विषयवार टीम बनाई गई है। जिन स्कूलों में किसी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं होंगे, वहां यह टीम ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेगी। विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए हर माह मॉडल प्रश्न पत्रों के आधार पर टेस्ट भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिलेभर में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है, ताकि नए विद्यार्थियों को सकारात्मक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

शेयर करें

By admin