CG Lormi News: लोरमी। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र से वन्यजीवों के बीच संघर्ष का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो तेंदुओं के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक तेंदुए की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर जंगल की ओर चला गया। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लोरमी वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वन क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे कंचनपुर बैरियर के चौकीदार ने एक तेंदुए का शव देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मृत तेंदुए के शरीर पर संघर्ष के निशान पाए गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने भी बताया कि घटना से पहले जंगल क्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच जोरदार लड़ाई जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों तेंदुओं के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर संघर्ष हुआ, जिसमें एक तेंदुए की जान चली गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़ाई काफी देर तक चली और जंगल में तेज दहाड़ों की आवाज सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों का मानना है कि मृत तेंदुआ नर हो सकता है, जो दूसरे तेंदुए के साथ संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गया था।

वन विभाग की टीम को मौके पर संघर्ष के संकेत मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायल तेंदुआ जंगल की ओर चला गया है। रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। घायल तेंदुए की खोज के लिए आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

उपवनमंडलाधिकारी दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दो तेंदुओं की भीषण लड़ाई की जानकारी दी गई है। हालांकि तेंदुए की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वन विभाग ने मृत तेंदुए के शव को सुरक्षित रखकर कानन पेंडारी भेजने की तैयारी शुरू कर दी है, जहां विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम पोस्टमार्टम करेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत आपसी संघर्ष से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। साथ ही क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि घायल तेंदुए का पता लगाया जा सके और किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

शेयर करें

By admin