Balodabazar-Bhatapara News: भाटापारा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान भाटापारा शहर को बड़ी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक सौगात दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी तथा 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के वीर सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया।

इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने शहीद खोण्डे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीद की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करेगी।

अपने प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सबसे पहले छत्तीसगढ़ महतारी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इसके बाद वे शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे परिसर पहुंचे, जहां वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर फ्लाइट लेफ्टिनेंट शहीद खोण्डे की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने शहीद के परिजनों, पुत्री प्रिया खोण्डे और भाई प्रभाकर खोण्डे से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

इस गरिमामय समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। समारोह श्रद्धा, गौरव और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ संपन्न हुआ।

शेयर करें

By admin