Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। विकासखंड प्रतापपुर की शिक्षा व्यवस्था में लंबे समय से अपेक्षित प्रशासनिक बदलाव आखिरकार हो गया है। शासन ने करीब एक दशक से अधिक समय से प्रतापपुर में पदस्थ एबीईईओ से बने प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को हटाते हुए अरुण कुमार पांडे को नया विकासखंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया है। आदेश जारी होने के बाद क्षेत्र में खुशी और राहत का माहौल देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर की शिक्षा व्यवस्था को लेकर लंबे समय से जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों और ग्रामीणों द्वारा शिकायतें की जा रही थीं। विद्यालयों की समस्याओं, शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशासनिक जवाबदेही और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। कई बार जिला और संभाग स्तर के अधिकारियों से हस्तक्षेप कर व्यवस्था में सुधार की मांग भी की गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि एक ही स्थान पर लंबे समय तक पदस्थ रहने के कारण विभागीय कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ा और कई समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो सका। यही कारण था कि क्षेत्र में बदलाव की मांग लगातार जोर पकड़ रही थी। इसी बीच शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश में अरुण कुमार पांडे को प्रतापपुर का नया बीईओ नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नए अधिकारी के आने से विद्यालयों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। अब लोगों की निगाहें नए बीईओ पर टिकी हैं कि वे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विभागीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में कितने सफल साबित होते हैं। प्रतापपुर में हुआ यह बदलाव इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे शिक्षा व्यवस्था में नई उम्मीद की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। शेयर करें Post navigation International Yoga Day 2026: गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, मिस्ड कॉल से होगा ऑनलाइन पंजीयन