Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने की। इस दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में लंबित अपराध, शिकायतें, विवेचनाएं, गिरफ्तारी की स्थिति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीआईजी-एसएसपी ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और ऐसे मामलों में निरंतर कार्रवाई की जाए। साथ ही ई-साक्ष्य प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस पोर्टल में सभी आवश्यक जानकारियों और प्रविष्टियों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

आगामी जोताई-बोवाई सीजन को ध्यान में रखते हुए डीआईजी-एसएसपी ने भूमि विवादों से संबंधित मामलों में तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने संभावित विवादों को रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर की कार्यवाही बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में पुलिस की मैदानी सक्रियता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को शाम और रात्रि के समय पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए डीआईजी-एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से संवाद बढ़ाने तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और जनसहभागिता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर डीआईजी-एसएसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

शेयर करें

By admin