Oxygen Tanker Overturned: कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित केशकाल घाट में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा जा रहा ऑक्सीजन से भरा टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि उसकी सूझबूझ से संभावित बड़ा खतरा टल गया। जानकारी के अनुसार, ऑक्सीजन टैंकर केशकाल घाट से गुजर रहा था। घाट के दूसरे मोड़ पर अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक उदय ठाकुर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक उदय ठाकुर ने बताया कि ब्रेक फेल होने के बाद उन्होंने तुरंत स्थिति को भांपते हुए टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया। इससे ऑक्सीजन नियंत्रित तरीके से बाहर निकलती रही और टैंक के भीतर दबाव नहीं बढ़ा। चालक के अनुसार, यदि टैंक पूरी तरह बंद रहता तो दबाव बढ़ने से विस्फोट जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा और यातायात को नियंत्रित किया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने के बाद मार्ग को फिर से सामान्य कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शेयर करें Post navigation CG Weather News: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज अंधड़ के आसार CG News: यूनियन क्लब के मेगा समर कैंप ने पूरे किए 25 वर्ष, रजत जयंती समारोह में खिलाड़ियों का हुआ सम्मान