राजनांदगांव। विकासखंड डोंगरगांव के ग्राम मारगांव एवं गिरगांव में लंबे समय से बड़े पैमाने पर मुरुम खनन का कार्य जारी होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार हो रहे खनन से क्षेत्र की सड़कें खराब हो रही हैं, कृषि भूमि प्रभावित हो रही है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के आसपास के क्षेत्रों से मुरुम का उत्खनन कर ट्रैक्टर और हाईवा वाहनों के माध्यम से लगातार परिवहन किया जा रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कों की हालत खराब हो गई है। वहीं उड़ती धूल के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेतों के आसपास हो रही खुदाई से किसानों में भी चिंता का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि यदि खनन वैध है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए और यदि अवैध रूप से मुरुम का उत्खनन किया जा रहा है तो तत्काल रोक लगाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लंबे समय से जारी खनन गतिविधियों ने प्रशासनिक निगरानी और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने खनन स्थल की जांच कर पर्यावरण एवं राजस्व नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग जांच कर आवश्यक कदम उठाते हैं।

शेयर करें

By admin